रामानुजगंज। धान बिक्री की राशि का भुगतान नहीं होने तथा किसानों के फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रभावित किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों द्वारा इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम से अपनी दो प्रमुख मांगों को रखा गया है। ज्ञापन में किसानों ने धान बिक्री वर्ष 2025-26 की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने तथा फर्जी केसीसी मामले का निराकरण कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
किसानों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मांगों के निराकरण के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने हेतु 17 जून 2026, बुधवार से सुबह 10 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर शाखा रामानुजगंज के सामने समस्त प्रभावित किसानों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस संबंध में थाना प्रभारी रामानुजगंज एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर शाखा रामानुजगंज के शाखा प्रबंधक को भी सूचना दी गई है।
अब देखना होगा कि किसानों की इस आंदोलन की चेतावनी के बाद प्रशासन एवं संबंधित विभाग किस तरह पहल करते हैं और किसानों की लंबित समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।
धान बिक्री राशि भुगतान एवं फर्जी केसीसी मामले को लेकर किसानों का धरना प्रदर्शन ।

