Sun. Jul 12th, 2026

खबर का असर: वन भूमि अतिक्रमण मामले में विभाग सक्रिय, अतिक्रमित क्षेत्र में खैर बीज की बुवाई।

रामानुजगंज। जेकेजी न्यूज़ द्वारा वन भूमि अतिक्रमण के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। वन परिक्षेत्र रामानुजगंज के अंतर्गत बिट-नगरा, ग्राम पंचायत तेतरडीह के उत्तर टोला स्थित कक्ष क्रमांक पी-3417 में अतिक्रमण की शिकायतों के बीच विभाग ने अतिक्रमित क्षेत्र में खैर प्रजाति के बीजों की बुवाई कर वन भूमि के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
जानकारी के अनुसार, उक्त वन भूमि लंबे समय से अतिक्रमण को लेकर विवाद और शिकायतों का केंद्र बनी हुई थी। समाचार प्रकाशित होने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और वन भूमि को पुनः हरित बनाने के उद्देश्य से खैर बीज की बुवाई का कार्य प्रारंभ किया। विभाग का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र में वन संपदा के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा भूमि को उसके मूल स्वरूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी।

वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार आगे भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वन भूमि के संरक्षण और विकास के लिए वनरोपण जैसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि नियमित गश्त, सतत निगरानी और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई जारी रही, तो सरकारी वन भूमि को सुरक्षित रखा जा सकेगा। उन्होंने भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था की भी मांग की।
उल्लेखनीय है कि इस कार्रवाई के दौरान वनपाल सुसना भगत, वन रक्षक मंगल राम सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जेकेजी न्यूज़ द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद शुरू हुई विभागीय कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में वन भूमि के संरक्षण को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Related Post