बलरामपुर–रामानुजगंज। श्री राम मंदिर अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को रामानुजगंज में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यदि मंदिर के चढ़ावे अथवा वित्तीय लेन-देन में किसी प्रकार की कथित अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की सच्चाई सार्वजनिक करने तथा धार्मिक संस्थानों की वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कथित वित्तीय अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि आम लोगों का विश्वास कायम रहे।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता, मोहन सिंह, समीर सिंह देव, देवनारायण मरावी, मोनिश अब्दुल्ला, रामदेव जागते, अजय सोनी, अजय गुप्ता, अशोक जायसवाल, मोहम्मद बख्श, व्यास मुनि यादव, अशोक गोंड़, सनोज दास, प्रतीक सिंह, प्रेम सागर सिंह, चंदेश्वर यादव, ज्ञानती गुप्ता, रूपवंती जायसवाल, सुधा जायसवाल, अजय यादव, कृष्ण सिंह, जयलाल यादव, विकास दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी मांगों को दोहराया और पूरे मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
श्री राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।

