Thu. Jul 23rd, 2026

मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से आरागाही हवाई पट्टी उन्नयन की तकनीकी प्रक्रिया हुई तेज : शैलेश गुप्ता।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी के उन्नयन की दिशा में अब तेजी से तकनीकी कार्रवाई शुरू हो गई है। विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम के सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि वर्षों से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अब शासन ने तकनीकी स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया है।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के चीफ पायलट कैप्टन देवेंद्र सचान, टेक्निकल एडवाइजर (एविएशन) अनिल कुमार राय तथा कैप्टन ओंकार तिवारी सहित विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम ने तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रनवे की लंबाई, सतह की गुणवत्ता, निर्माण मानकों एवं भविष्य में सुरक्षित हवाई संचालन की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान चीफ पायलट कैप्टन देवेंद्र सचान ने स्वयं कई बार फोर-व्हीलर वाहन चलाकर रनवे का परीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी सुधारों का आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रनवे विस्तार, सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार, आधुनिक नेविगेशन सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत अधोसंरचनाओं के विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
विशेषज्ञ अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक तकनीकी सुधार पूर्ण होने के बाद प्रारंभिक चरण में इस हवाई पट्टी का उपयोग शासकीय विमान एवं एयर एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए किया जा सकेगा। इसके बाद भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इसे नियमित हवाई सेवाओं के अनुरूप विकसित करने की योजना भी तैयार की जाएगी। लगभग 15 वर्ष पूर्व निर्मित इस हवाई पट्टी को उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों ने भविष्य में इसे व्यावसायिक हवाई अड्डे के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाएं भी व्यक्त कीं।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, सिद्धांत यादव, कमल मंडल, कर्णधर राय, गौरव राज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता ने कहा कि मंत्री रामविचार नेताम के सतत प्रयासों से आरागाही हवाई पट्टी के उन्नयन की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद रामानुजगंज विधानसभा सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ में व्यापार, पर्यटन, निवेश, चिकित्सा सुविधाओं, आपदा प्रबंधन तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Related Post