Sun. Oct 4th, 2026

सब्जी की बाड़ी में गांजे की खेती, 112 पौधों के साथ किसान गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच बरियों पुलिस ने गांजे की खेती के एक और मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम खुखरी के रखैतपारा में एक घर की बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 51 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 112 नग गांजे के पौधे बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा नार्को को-ऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) के तहत राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से जिले में अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार, 3 अक्टूबर को फसल गिरदावरी के दौरान ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी को कथित रूप से जानकारी मिली कि रखैतपारा निवासी कबीर साय टेकाम ने अपनी सब्जी की बाड़ी के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं।
सूचना चौकी बरियों पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं एसडीओपी कुसमी के दिशा-निर्देशन में बरियों पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बाड़ी से गांजे के पौधे बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद पौधों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

अवैध खेती को लेकर बढ़ी चिंता

जिले में गांजे की खेती के लगातार सामने आ रहे मामलों ने नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में घर की बाड़ी अथवा कृषि भूमि में मादक पदार्थों की खेती किए जाने के मामले सामने आने से निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।

Related Post