बलरामपुर, रामानुजगंज जिले में 6 से 18 वर्ष आयु के विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आकलन एवं मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।
पहला शिविर 15 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह, शंकरगढ़ में राजपुर, शंकरगढ़ एवं कुसमी विकासखंड के बच्चों के लिए आयोजित होगा। दूसरा शिविर 16 अक्टूबर को जिला ग्रंथालय, बलरामपुर में बलरामपुर, रामचंद्रपुर एवं वाड्रफनगर विकासखंड के बच्चों के लिए लगाया जाएगा।
चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आगामी शिविर में पात्र बच्चों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी शिक्षा और दैनिक जीवन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित विकासखंडों के अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को शिविर में अवश्य लेकर पहुँचें, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस सुविधा से वंचित न रहे।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 15 एवं 16 अक्टूबर को आकलन शिविर।

