Sat. Mar 7th, 2026

पशु मालिकों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अब होगी करवाई।

अधिकारियों को आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक निर्देश। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्ग एवं सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं में जन और पशुधन की हानि को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज मंथन सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में नगर निगम, पशु चिकित्सा विभाग, पुलिस और पंचायत प्रशासन के अधिकारियों को आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंथन में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों की जान के साथ पशुधन की भी हानि हो रही है, यह चिंताजनक स्थिति है उन्होंने कहा कि यदि पशु मालिक अपने पशुओं का उचित प्रबंधन करें और उन्हें सड़कों पर छोड़ने से परहेज करें, तो इस समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है अन्यथा पशु मालिकों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि सड़कों और मुख्य मार्गों पर घूमते पशुओं के मामलों में अब संबंधित पशु मालिकों पर पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए नगर निगम के सभी जोन कार्यालय, नगर पालिकाएं और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई है, जो चिन्हित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर कार्रवाई करेंगे।

Related Post