बिहार के सासाराम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आज से प्रारंभ हुई वोट अधिकार यात्रा में छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस ऐतिहासिक यात्रा का उद्देश्य आम जनता को उनके मतदान अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। यात्रा में छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज की पार्षद रुपवंती जायसवाल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजेश यादव, कांग्रेस जिला महामंत्री (पिछड़ा वर्ग) अमृत जायसवाल, तथा एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष बलरामपुर रूपेश यादव के साथ-साथ प्रदेश के अन्य कई जिलों से कांग्रेसजनों का दल शामिल हुआ।
सासाराम में आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि वोट करना केवल अधिकार नहीं बल्कि यह लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करें और जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करें। छत्तीसगढ़ से पहुंचे नेताओं ने भी इसे एक प्रेरणादायी अवसर बताया और कहा कि यह यात्रा देश के हर नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकारों की याद दिलाने का काम करेगी। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता, महिला प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल हुए।