बलरामपुर रामानुजगंज जिले के तातापानी थाना चौकी अंतर्गत ग्राम भवानीपुर में दबंगई का एक और मामला सामने आया है। उप सरपंच विपत गुप्ता एवं ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सार्वजनिक सड़क को जोतकर उस पर अवैध रूप से धान की फसल लगा दी गई है। इस संबंध में गांव के लोगों ने तहसीलदार को आवेदन सौंपा है, जिसमें तेतर डिह के दबंग पृथ्वीनाथ सिंह और बालगोविन्द सिंह का नाम प्रमुखता से लिया गया है।सरपंच सीताराम एवं ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन खसरा नंबर 179 रकबा 0.34 हेक्टेयर और खसरा नंबर 142 रकबा 0.343 हेक्टेयर पर स्थित है, जो ग्राम भवानीपुर में सड़क के रूप में उपयोग में लाई जा रही थी। लेकिन दबंगों ने इस भूमि को अपने कब्जे में लेकर जोताई कर दी और उस पर धान की फसल बो दी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। इस घटना की सूचना तहसीलदार को दी गई, जिस पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए हल्का पटवारी से स्थल निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए। चौकी तातापानी के प्रभारी द्वारा दिनांक 22 सितंबर 2025 को पत्र क्रमांक 1381/2025 के माध्यम से तहसील कार्यालय को जांच रिपोर्ट भेजी गई है। साथ ही पंचनामा रिपोर्ट की छायाप्रति भी संलग्न कर दी गई है। ग्रामीणों की मांग है कि सार्व जनिक सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और गांव की सड़क को पुनः पूर्ववत स्थिति में बहाल किया जाए। तहसील प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे भूमि कब्जा विवादों और प्रशासनिक व्यवस्था की परीक्षा को उजागर कर दिया है। देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता से कदम उठाता है।
भवानीपुर: दबंगों द्वारा सड़क की जुताई, ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा आवेदन, करवाई के आदेश जारी।

