Sat. Mar 7th, 2026

स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला प्रधान पाठक गिरफ्तार।

बलरामपुर ज़िले के वाड्रफनगर अंतर्गत शिक्षा के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले एक प्रधान पाठक को वाड्रफनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि शिक्षक ने स्कूल की एक नाबालिग छात्रा को अपने कार्यालय में अकेले बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की।

मामला सामने आने के बाद, भयभीत छात्रा ने घर जाकर परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद छात्रा के परिजन तत्काल चौकी वाड्रफनगर पहुँचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल मामला दर्ज किया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। सूत्रों के मुताबिक, प्रार्थी की नाबालिग बेटी स्कूल में पढ़ती है। आरोपी प्रधान पाठक ने उसे किसी बहाने से स्कूल के कार्यालय में बुलाया और वहाँ उसके साथ गलत हरकत की। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

जांच अधिकारी एसडीओपी वाड्रफनगर राम अवतार ध्रुव के निर्देशन में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी वारदात के बाद से ही गाँव से फरार था, लेकिन पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उसकी घेराबंदी की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गाँव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आज, मंगलवार को आरोपी प्रधान पाठक को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Post