रामचंद्रपुर।शालेय शिक्षक संघ की प्रांतीय इकाई के निर्देशानुसार जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के ब्लॉक रामचंद्रपुर में संगठनात्मक संरचना को सशक्त करने के उद्देश्य से राज वैभव सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा, जिसके पश्चात सिंह ने संगठन के प्रांताध्यक्ष विरेन्द्र दुबे तथा जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। राज वैभव सिंह वर्ष 2009 से शिक्षक पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, देवीगंज में पदस्थ हैं। शिक्षकों के हितों की बात करना और उनकी समस्याओं को उचित मंचों तक पहुंचाना श्री सिंह की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है। संविलियन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर उन्होंने न केवल अपनी स्पष्ट राय रखी, बल्कि साथी शिक्षकों के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर समाधान हेतु निरंतर प्रयास भी किए है। उनकी इसी सक्रियता, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राज वैभव सिंह ने बताया कि शिक्षकों की लीव आवेदन, एरियर भुगतान, सर्विस बुक अद्यतन, पासबुक संधारण जैसी कई ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। संगठनात्मक रूप से शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाना और उनके हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षकों ने बताया कि राज वैभव सिंह की यह नियुक्ति न केवल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगी, बल्कि ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों के बीच संवाद और विश्वास की नई मिसाल भी कायम करेगी। शिक्षकों में इस नई नियुक्ति को लेकर उत्साह एवं अपेक्षाएं दोनों ही देखने को मिल रही हैं।

