बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में राजस्व एवं खाद्य व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा सतर्कता के साथ अवैध धान के भण्डारण एवं परिवहन पर पैनी नजर रखी जा रही है। साथ ही लगातार अवैध धान पकड़कर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही भी की जा रही है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर नीरनीधी नन्देहा के नेतृत्व में तहसील रघुनाथनगर के ग्राम पंडरी में 700 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी वाड्रफनगर श्री नन्देहा ने बताया कि ग्राम पंडरी निवासी चंबलपति के द्वारा बाहर से लाकर अपने घर में अवैध रूप से लगभग 700 बोरी धान भंडारित किया गया था, जिसको जब्त कर मण्डी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।
ज्ञातव्य है कि कलेक्टर कटारा ने जिले में अवैध धान की आवक को रोकने के लिए टीम गठित कर कोचियों एवं बिचौलियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि तथा अनियमितता होने पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसमें शिकायतकर्ता की जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
वाड्रफनगर 700 बोरी अवैध धान किया गया जब्त।

