Sat. Mar 7th, 2026

कई शिक्षक हुए ठगी के शिकार, डिईओ ने दिए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश।

बलरामपुर। जिले के शिक्षा विभाग में इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है। विगत कुछ दिनों से जिले के कई शिक्षक और शिक्षिकाओं को फोन कॉल प्राप्त हो रहे हैं, जिनमें कॉल करने वाले स्वयं को क्राइम ब्रांच रायपुर या समग्र शिक्षा विभाग का अधिकारी बताकर पैसों की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ठग शिक्षकों को डराकर उनके खातों में पैसे जमा करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। कुछ शिक्षकों ने भयवश ठगों के बताए खातों में राशि भी भेज दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने सभी प्रभावित शिक्षकों को तत्काल थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। डीईओ ने यह भी कहा कि किसी भी अधिकारी या विभागीय कर्मचारी के नाम पर फोन आने पर बिना सत्यापन के किसी प्रकार की राशि न भेजें।

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि शिक्षकों का व्यक्तिगत और विद्यालय संबंधी डेटा ठगों तक कैसे पहुंचा। विभागीय स्तर पर यह जानकारी केवल सीमित अधिकारियों के पास होती है, इसलिए डेटा लीक का स्रोत तलाशने के लिए भी जांच की मांग उठ रही है।

अब तक जिले के विभिन्न ब्लॉक के कई महिला और पुरुष शिक्षकों के पास ऐसे फोन कॉल आए हैं। ठग पहले शिक्षकों को डराने-धमकाने के बाद अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर ब्लैकमेल करते हुए पैसे की मांग कर रहे हैं।इस पूरे मामले को लेकर शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, प्रदीप चौबे, राज वैभव सिंह, कुंदन दुबे, विद्यासागर यादव, विजय यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे। शिक्षकों ने मांग की है कि दोषियों का जल्द पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post