बलरामपुर,रामानुजगंज। जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नगर पालिका रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन हेतु मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के अंतर्गत 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। मिली जानकारी के अनुसार इस राशि से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के सतत प्रयासों से प्राप्त इस स्वीकृति के तहत अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट एवं ब्लड स्टोरेज यूनिट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वर्तमान में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए अंबिकापुर, रायपुर अथवा अन्य बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई सुविधाओं के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
स्वीकृत राशि से अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद भी की जाएगी। इनमें ऑटोमेटिक ऑटोक्लेव मशीन, आधुनिक ओटी लाइट, मल्टी पैरा मॉनिटर, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, वेंटिलेटर, इलेक्ट्रिक ऑपरेशन टेबल, सक्शन मशीन, डायलिसिस मशीन, आरओ प्लांट, ट्रूनेट मशीन, ब्लड स्टोरेज रेफ्रिजरेटर, डीप फ्रीजर सहित अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। इन संसाधनों से अस्पताल की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
विशेष रूप से डायलिसिस यूनिट की स्थापना से किडनी रोगियों को राहत मिलेगी, जिन्हें सप्ताह में कई बार लंबी दूरी तय कर उपचार कराना पड़ता है। वहीं ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होने से दुर्घटना, प्रसव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक सुविधाओं और उन्नत उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा तथा बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। यह पहल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ जनकल्याण के लक्ष्य को और अधिक मजबूत करेगी।

