बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रामचन्द्रपुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनापति में निर्माणाधीन पुलिया में दरार आने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच के बाद निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार के निर्देश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न माध्यमों से ग्राम बनापति में निर्माणाधीन पुलिया की गुणवत्ता को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में पुलिया निर्माण के दौरान दरारें आने की बात कही गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद तकनीकी अमले ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर पुलिया का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि वर्तमान में पुलिया के डर्ट वाल का निर्माण कार्य चल रहा था। अधिकारियों के अनुसार दिखाई दे रही दरारें संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल) क्रैक नहीं हैं, बल्कि निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित रूप से तराई नहीं किए जाने के कारण सतह पर श्रिंकेज क्रैक पाए गए हैं।
जांच के बाद अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को डर्ट वाल के अंतिम लिफ्ट की 75 मिलीमीटर मोटाई को तोड़कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वेयरिंग कोट करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिया के स्लैब निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दी गई है। निर्माण स्थल पर पर्याप्त तराई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता के हित में होने वाले निर्माण कार्य मजबूत और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सकें।
शिकायत पर तत्काल जांच, स्लैब निर्माण पर लगाई रोक

