Sun. Nov 1st, 2026

12वीं बटालियन में हुआ राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन, एकता नगर की परेड का लाइव प्रसारण।

रामानुजगंज भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 12वीं बटालियन, रामानुजगंज में राष्ट्रीय एकता दिवस बेहद गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय एकता परेड का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे देखने के लिए बटालियन परिसर में भारी उत्साह देखा गया।

यह भव्य आयोजन बटालियन के सेनानी दौलत राम पोर्ते के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों, पुलिस परिवारजनों और नगर के नागरिकों ने देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान और 500 से अधिक देशी रियासतों के ऐतिहासिक एकीकरण में उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने वक्ताओं के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में उतारने और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

इस देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सहायक सेनानी मोहम्मद तसलीम आरिफ, सहायक सेनानी लियोश कुजूर, निरीक्षक जीवन किशोर कुजूर, कंपनी कमांडर भारत भूषण गिरी, कंपनी कमांडर रूप नाथ राम, सहायक उपनिरीक्षक किशोर लाम्बे एवं सहायक उपनिरीक्षक बालम सिंह सहित बटालियन के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन एवं नगर के विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता,मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, शर्मिला गुप्ता, सुभाष जयसवाल,सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु मौजूद रहे।लगभग 300 लोगों ने कार्यक्रम में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

एकता ही हमारी शक्ति है और अखंडता ही हमारे राष्ट्र की पहचान” कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपस्थित सभी लोगों ने आंतरिक सुरक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और देश में आपसी भाईचारा व सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया।

Related Post