बलरामपुर रामानुजगंज /छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रामानुजगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में महावीर गंज और विजयनगर मंडल स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन मिलनी महुआ प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता और किसानों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रमुख मुद्दों पर रही विशेष चर्चा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर विशेष चर्चा और मंथन किया गया:
वोट चोरी का मुद्दा: चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए।
किसानों की रकबा कटौती: अन्नदाताओं को हो रही परेशानियों और धान खरीदी के दौरान रकबा में की जा रही कटौती का पुरजोर विरोध किया गया।
स्मार्ट मीटर और बिजली बिल वृद्धि: आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का जिक्र करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया और बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ आवाज उठाई गई।
कार्यक्रम में मंडल क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, इम्तियाज अंसारी, इंतखाब अंसारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ व कनिष्ठ नेता, युवा साथी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया और जनहित के मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं को साझा किया, जिसके समाधान के लिए कांग्रेस नेताओं ने हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

