बलरामपुर-रामानुजगंज: रामचंद्रपुर विकासखंड के प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में मासूम छात्रों से कुएँ से पानी भरवाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद, सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) ने छात्रावास अधीक्षक नारायण सिदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि एक वर्ष और बढ़ाने की अनुशंसा आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास को भेज दी है।
30 अक्टूबर को इस लापरवाही की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, प्रभारी मंडल संयोजक (रामचंद्रपुर) ने 3 नवंबर को छात्रावास का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए:
जांच में छात्रावास अधीक्षक नारायण सिदार बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
कर्मचारियों और छात्रों ने बताया कि ‘अर्नव’ तूफान के कारण क्षेत्र में बिजली गुल थी, जिससे ओवरहेड टैंक में पानी नहीं चढ़ पा रहा था।
उस दौरान छात्रावास सालवाही के चार में से दो दैनिक मजदूर अनुपस्थित थे, जबकि मौके पर मौजूद दो अन्य कर्मचारी बच्चों के लिए भोजन पकाने में व्यस्त थे। ऐसे में पानी के अभाव में बच्चों को अपनी दैनिक ज़रूरतों और नित्य क्रिया के लिए खुद कुएँ से ड्रमों में पानी खींचना पड़ रहा था।
जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट किया गया है कि अधीक्षक का बिना किसी सूचना के अपने कार्यस्थल से गायब रहना और बच्चों को इस प्रकार के जोखिम भरे व कठिन कार्यों के लिए मजबूर होना उनके पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है। इसी रिपोर्ट के आधार पर उनके विरुद्ध यह प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
छात्रावास में बच्चों से पानी भरवाने का मामला: अधीक्षक पर गिरी गाज,

