Fri. Nov 13th, 2026

अब किसानों को कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी राशि प्रति एकड़ आदान सहायता

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू; किसानों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी।
राज्य शासन ने खरीफ 2026 से ‘कृषक उन्नति योजना’ के नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को बोए गए रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की एकसमान दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 15 नवंबर से 54 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो रही है, जहाँ पात्र किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे आधार लिंक्ड बैंक खाते में भेजी जाएगी।

कम धान बेचने पर भी पूरी राशि: यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित सीमा से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के लिए 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी राशि मिलेगी।

उदाहरण: एक एकड़ में धान बोने वाला किसान यदि केवल 15 क्विंटल धान भी बेचता है, तब भी उसे पूरे 13,839 रुपये मिलेंगे। इसी प्रकार, 2.5 एकड़ वाले किसान को, 52.5 क्विंटल की सीमा के बजाय केवल 38 क्विंटल धान बेचने पर भी 34,597.50 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

पंजीयन और शर्तें: योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। टोकन लेते समय ही निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। बोए गए रकबे की पुष्टि डिजिटल क्रॉप सर्वे या गिरदावरी से होगी।

पात्रता नहीं: ग्रीष्मकालीन धान, ट्रस्ट, मंडल, निजी कंपनियाँ, शाला विकास समिति और शासकीय संस्थान इस योजना के पात्र नहीं होंगे।

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने किसानों से अपील की है कि वे एग्रीस्टैक में पंजीयन कराएं, बैंक खाता आधार से लिंक रखें और टोकन लेते समय योजना के लिए आवेदन अवश्य करें।

Related Post