छत्तीसगढ़ के एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और गर्भपात के मामले में पुलिस ने संलिप्तता पाए जाने पर एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने पीड़िता के नाबालिग होने की बात जानते हुए भी उसका गर्भपात कराया और फिर मामले को दबाने के लिए भ्रूण को अरपा नदी में बहाकर अहम साक्ष्य नष्ट कर दिए। साथ ही, कानून का उल्लंघन करते हुए इस घटना की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बुधवारी तोरवा निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) है। उस पर आरोप है कि उसने नाबालिग पीड़िता को शादी का झांसा दिया और दिसंबर 2023 से लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी गणेश सोनी ने एक अस्पताल में महिला डॉक्टर की मदद से गर्भपात करवाया। इस मामले में तोरवा पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी गणेश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है, जहां से वह जेल में है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने आरोपियों की तलाश और कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से विवेचना कर रही थी। विवेचना के दौरान ही इस कृत्य में महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43 वर्ष), निवासी आयुष्मान होटल के पास, उसलापुर की संलिप्तता और मुख्य भूमिका सामने आई।
पुलिस की पूछताछ और विवेचना में पुख्ता साक्ष्य मिले हैं जिनसे यह स्पष्ट हुआ कि:
महिला डॉक्टर को यह अच्छी तरह पता था कि पीड़िता नाबालिग है।
इसके बावजूद उसने नियमानुसार कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किए बिना गर्भपात किया।
गर्भपात के बाद उत्पन्न भ्रूण को एक महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसे अरपा नदी में फेंककर नष्ट कर दिया गया।
बिलासपुर जिले के तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 एवं 21 के अंतर्गत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद अब गर्भपात से जुड़ी अन्य परिस्थितियों, साक्ष्यों को मिटाने के तौर-तरीकों और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पुलिस की विवेचना और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

