बलरामपुर जिला मुख्यालय बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय परिसर में दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम,कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दो दिवसीय मेगा कैंप के आयोजन से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समुचित स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच कर ईलाज किया जा रहा है। यह क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। इस दौरान उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने सभी विकासखण्डों के लिए सर्व सुविधायुक्त एम्बुलेंस की घोषणा की।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पंजीयन काउंटर एवं विभिन्न रोगों के लिए बनाये गये कक्षों, दवाई वितरण व्यवस्था का अवलोकन भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान कक्ष का अवलोकन किया वहां उपस्थित आम नागरिकों से मुलाकात कर अधिक से अधिक रक्तदान करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का कार्य है और प्रत्येक स्वस्थ्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर चिकित्सकीय दलों को लोगों का स्वास्थ्य जांच कर बेहतर उपचार करने को कहा।

