Fri. Oct 23rd, 2026

June 2025

मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत हर विकासखंडों में 20 हजार सोख्ता गड्ढों का लक्ष्य

बलरामपुर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर द्वारा बताया गया कि  जिले के सभी विकासखंडों में 20 हजार सोख्ता गड्ढों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्य जनभागीदारी के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, मनरेगा श्रमिक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि गड्ढे निर्माण के साथ-साथ हर हितग्राही को एक पौधा लगाने और उसकी देखरेख करने की जिम्मेदारी दी जा रही है, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके। अभियान का मूल मंत्र है “घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में” के माध्यम से वर्षा जल को रोकने, भूजल स्तर को बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘‘मोर गांव मोर पानी’’ अभियान अंतर्गत गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हर पंचायत में श्रमदान, रैली, दीवार लेखन, पौधारोपण और शपथ जैसे आयोजन किए जाएंगे।

लाईवलीहुड कॉलेज भेलवाडीह में भोजन एवं आवासीय व्यवस्था हेतु आवेदन आमंत्रित

बलरामपुर जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज सोसायटी बलरामपुर अंतर्गत आवासीय प्रशिक्षण में प्रशिक्षणरत हितग्राहियों के लिए भोजन व्यवस्था (सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता, रात्रि भोजन) एवं आवासीय व्यवस्था (पलंग या तख्त/गद्दा/तकिया/कंबल) हेतु जिले के इच्छुक पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूह से 05 जुलाई 2025 तक रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट द्वारा कार्यालय प्राचार्य जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज सोसायटी, भेलवाडीह, बलरामपुर में कार्यालयीन समय तक निविदा आमंत्रित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए जिले की वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है।

आरागाही हाई स्कूल में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव संपन्न।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के आरागाही हाई स्कूल में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक स्वागत तिलक लगाकर किया गया एवं उन्हें अध्ययन सामग्री स्वरूप पुस्तकें वितरित की गईं। छात्रों को मिठाई खिलाकर उत्सव का आनंद और भी मधुर बनाया गया।

कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत स्कूल प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सामूहिक सहभागिता देखने को मिली।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता थे। विशिष्ट अतिथियों में कन्हैयालाल अग्रवाल, अरुण केशरी, बी.डी. लाल गुप्ता, जनपद सदस्य श्रीमती सुनीता गुप्ता, मंडल महामंत्री बासुदेव राय, मंडल उपाध्यक्ष धर्मप्रकाश केशरी, सरपंच श्रीमती कमला सिंह, राजा तिवारी, कमल मंडल, कर्णधर राय, कार्यालय मंत्री आकाश तिवारी एवं सोनू चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन ने न केवल छात्रों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया, बल्कि समाज में सामूहिक सहभागिता और पर्यावरण चेतना को भी बढ़ावा दिया।

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए 28 व 29 जून को शिविर आयोजित।

बलरामपुर जिला परिवहन अधिकारी श्री यशवंत यादव ने बताया है कि जिले के 2019 से पहले के पंजीकृत वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर लगवाने हेतु फॉर्म भरने के लिए परिवहन विभाग द्वारा 28 एवं 29 जून 2025 को जिला परिवहन कार्यालय बलरामपुर, श्रीराम परिवहन सुविधा केन्द्र, हॉस्पिटल चौक रामानुजगंज, जायसवाल परिवहन सुविधा केन्द्र वाड्रफनगर, अपेक्षा परिवहन सुविधा केंद्र रामानुजगंज, एस.आर.एस. परिवहन सुविधा केन्द्र राजपुर एवं शाहिद परिवहन सुविधा केन्द्र शंकरगढ़ में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए वाहन का पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर लाना आवश्यक है। इसके लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया है। दो पहिया वाहन के लिए 466 रुपये, तीन पहिया वाहनों के लिए 528 रुपये, चार पहिया वाहनों के लिए 757 रुपये तथा भारी माल वाहनों के लिए 806 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा परिवहन सुविधा केन्द्र में फॉर्म भरने पर 50 रुपये अतिरिक्त शुल्क देय होगा

कनकपुर वाटर सेशन निर्माण में भारी अनियमितता , ग्रामीणों में आक्रोश।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत कनकपुर में बन रहे वाटर सेशन निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह से अंधेरे में किया जा रहा है। न तो निर्माण स्थल पर किसी प्रकार का प्राक्कलन बोर्ड लगाया गया है और न ही यह स्पष्ट किया जा रहा है कि यह कार्य किस विभाग या संस्था (एनजीओ) के माध्यम से कराया जा रहा है।

जब ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद मजदूरों से राजेश सिंह ने निर्माण एजेंसी और कार्य से जुड़ी जानकारी मांगी तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे लोगों के बीच संदेह और असंतोष की भावना और गहराती जा रही है।

 

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। बांग्ला ईंटें कमजोर किस्म की लगाई जा रही हैं, और रेत मिट्टी युक्त है,और सीमेंट-बालू का अनुपात भी निर्धारित मानकों से मेल नहीं खाता। निर्माण कार्य को बिना किसी निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण के तेजी से पूरा किया जा रहा है। इन सब अनियमितताओं को देखते हुए ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है।

 

सड़क दुर्घटनाओं के नियंत्रण के लिए दिये आवश्यक निर्देश।

बलरामपुर  संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में दुर्घटनाएं रोकने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिह्नित कर जरूरी सुधार कार्य कराएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्थानों में सड़क दुर्घटना की संभावना रहती है वहां पर स्पीड कंट्रोल करने के लिए स्पीड ब्रेकर, जागरूकता बोर्ड व रिफ्लेक्टर लगाएं। कलेक्टर ने सर्वाधिक दुर्घटना वाले क्षेत्र में सुरक्षा के सभी आवश्यक व्यवस्था जैसे-वाहनों की गति सीमा का बोर्ड, गति अवरोधक, अंधे मोड़, दुर्घटनाजनक क्षेत्र में संकेतक चिन्ह पर्याप्त मात्रा में लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये।
कलेक्टर ने पशुओं से होने वाले सड़क दुर्घटनाओं के लिए सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाने के साथ ही आवारा पशुओं के उचित प्रबंधन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होंने सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए लोगों को हेलमेट पहनकर सीमित गति से वाहन चलाने, नशा सेवन कर वाहन न चलाने, यातायात के नियमों की जानकारी देने हेतु लोगों में जन जागरूकता लाने की बात कही। साथ ही समय-सयम पर स्कूल, कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में समिति के सदस्य एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग समिति की बैठक 30 जून को

बलरामपुर  जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग समिति की बैठक 24 जून 2025 को आयोजित की गई थी। अपरिहार्य कारणों से उक्त बैठक स्थगित कर तिथि में संशोधन करते हुए बैठक 30 जून 2025 को दोपहर 02 बजे से कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बलरामपुर में आयोजित किया गया है।
बैठक में वर्तमान में खाद्य/सहकारिता विभाग अंतर्गत सोसायटी के माध्यम से संचालित योजानाएं, लक्ष्य एवं उपलब्धि, वितरण करने वाली सामग्री की मूल्य दर, वर्तमान में वितरण प्रणाली के अंतर्गत दिये जाने वाले सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित याजनाओं की वर्ष 2024-25 के लक्ष्य की उपलब्धि, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में प्राप्त लक्ष्य व उपलब्धि की जानकारी, रेशम एवं हथकरधा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, छत्तसीगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं जैसे अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी।

बलरामपुर जिले को मिलेगा नया सर्व सुविधायुक्त एम्बुलेंस स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ।

बलरामपुर जिला मुख्यालय बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय परिसर में दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम,कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दो दिवसीय मेगा कैंप के आयोजन से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समुचित स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच कर ईलाज किया जा रहा है। यह क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। इस दौरान उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने सभी विकासखण्डों के लिए सर्व सुविधायुक्त एम्बुलेंस की घोषणा की।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पंजीयन काउंटर एवं विभिन्न रोगों के लिए बनाये गये कक्षों, दवाई वितरण व्यवस्था का अवलोकन भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान कक्ष का अवलोकन किया वहां उपस्थित आम नागरिकों से मुलाकात कर अधिक से अधिक रक्तदान करने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का कार्य है और प्रत्येक स्वस्थ्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर चिकित्सकीय दलों को लोगों का स्वास्थ्य जांच कर बेहतर उपचार करने को कहा।

रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों से सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को मिला प्रशिक्षण।

बलरामपुर वन परिक्षेत्र रामानुजगंज और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों से फसलों व मानव जीवन को हो रहे नुकसान को देखते हुए वन विभाग ने गठित हाथी मित्र दल को सक्रिय किया है। पिछले कुछ वर्षों में चाकी, महावीरगंज समेत कई गांवों में हाथियों के विचरण से फसलों को व्यापक क्षति हुई है, साथ ही ग्रामीणों में हाथियों से भय भी बनी हुई है। इसी के दृष्टिगत वनमंडलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी, हाथी विशेषज्ञ श्री अमलेंदु मिश्रा, उप वनमंडलाधिकारी श्री संतोष पांडे, परिक्षेत्र अधिकारी श्री निखिल सक्सेना की उपस्थिति ग्राम चाकी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें हाथियों के व्यवहार, उनके भटकने के कारण तथा उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के वैज्ञानिक तरीके समझाए गए। इस दौरान ग्राम पंचायत पुरुषोत्तमपुर में ग्रामीणों को काफी समय से विचरण कर रहे हाथी से बचने के उपाय, उनकी समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया गया साथ ही उनकी मांग अनुसार सोलर हाई मास्ट लाइट, सोलर फेन्सिग के प्रस्ताव पारित कर मांगों को पूरा करने हेतु आश्वासन दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि हाथी मित्र दल ग्रामीणों को सूचना देगा कि हाथी आते समय क्या करें और क्या नहीं, जैसे रात में खेतों पर न जाना, घरों के गेट बंद रखना तथा तुरंत वन विभाग को सूचित करना। इसके अतिरिक्त गश्त दल स्थानीय जंगलों में नियमित निगरानी बढ़ाएगा साथ ही अलर्ट सिस्टम व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से हाथी की आगमन आशंका समय पर साझा की जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और तकनीकी माध्यमों के संयोजन से यह अभियान फसल संरक्षण, जान-माल की रक्षा और हरित मानव सह-अस्तित्व के दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण से हाथी मानव संघर्ष घटेगा, फसलों व घरों को क्षति कम होगी।

मतदाताओं को 15 दिनों के भीतर मिलेगा ईपिक कार्ड।

बलरामपुर निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (ईपिक) का तेज वितरण सुनिश्चित करने के लिए, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने एक नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) शुरू किया है, जिसके तहत मतदाता सूची में अद्यतन होने के 15 दिनों के भीतर ईपिक वितरित कर दिया जाएगा। इसमें नए मतदाता का पंजीकरण या पहले से पंजीकृत मतदाता की किसी जानकारी में परिवर्तन शामिल है।
यह पहल मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्तगण डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए किए जा रहे विभिन्न उपायों के अनुरूप है। नई प्रणाली ईपिक जारी होने से लेकर डाक विभाग के माध्यम से मतदाता को इसकी डिलीवरी तक की हर प्रक्रिया को रीयल टाइम में ट्रैक करेगी।

मतदाताओं को प्रत्येक चरण पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। इस उद्देश्य के लिए निर्वाचन आयोग ने हाल ही में लॉन्च किए गए ईसीआई नेट प्लेटफॉर्म पर एक समर्पित आईटी मॉड्यूल विकसित किया है। यह नया आईटी प्लेटफॉर्म मौजूदा प्रक्रिया को पुनः संरचित करके कार्यप्रणाली को सरल बनाएगा। डाक विभाग का एप्लीकेशन प्रोग्राम इंटरफेस (एपीआई) ईसीआई नेट के साथ एकीकृत किया जाएगा ताकि निर्बाध वितरण सुनिश्चित हो सके। इस पहल का उद्देश्य ईपिक कार्ड वितरण को बेहतर बनाना और डेटा सुरक्षा को बनाए रखना है। निर्वाचन आयोग का प्रमुख लक्ष्य सभी मतदाताओं को त्वरित और कुशल निर्वाचकीय सेवाएं प्रदान करना है। उल्लेखनीय है कि पिछले चार महीनों में आयोग ने मतदाताओं और अन्य हितधारकों के लाभ के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें भी की हैं।