
इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि शिक्षकों का व्यक्तिगत और विद्यालय संबंधी डेटा ठगों तक कैसे पहुंचा। विभागीय स्तर पर यह जानकारी केवल सीमित अधिकारियों के पास होती है, इसलिए डेटा लीक का स्रोत तलाशने के लिए भी जांच की मांग उठ रही है।
अब तक जिले के विभिन्न ब्लॉक के कई महिला और पुरुष शिक्षकों के पास ऐसे फोन कॉल आए हैं। ठग पहले शिक्षकों को डराने-धमकाने के बाद अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर ब्लैकमेल करते हुए पैसे की मांग कर रहे हैं।इस पूरे मामले को लेकर शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, प्रदीप चौबे, राज वैभव सिंह, कुंदन दुबे, विद्यासागर यादव, विजय यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे। शिक्षकों ने मांग की है कि दोषियों का जल्द पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

