रामानुजगंज नगर में इन दिनों लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर पालिका द्वारा अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है। ठंड से राहत देने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल परिसर सहित विभिन्न वार्डों में लगभग 12 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। यह व्यवस्था न केवल नगरवासियों बल्कि राहगीरों, मजदूरों एवं बेसहारा पशुओं के लिए भी राहत का माध्यम बन रही है। नगर पालिका की इस पहल की नगर में सराहना की जा रही है। ठंड के मौसम में देर रात और तड़के सुबह काम पर निकलने वाले लोगों, रिक्शा चालकों, दुकानदारों एवं यात्रियों को अलाव से काफी सहूलियत मिल रही है। वहीं खुले में रहने वाले पशु भी अलाव के आसपास बैठकर ठंड से राहत पा रहे हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था जिला कलेक्टर बलरामपुर एवं एसडीओ रामानुजगंज के मार्गदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के सुझाव पर की गई है। उन्होंने बताया कि ठंड को देखते हुए नगर के संवेदनशील और अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और ईंधन की कमी न हो। कर्मचारियों को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुछ नगरवासियों ने नगर पालिका की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में अलाव की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक था जो सराहनीय है। लेकिन कई वार्डों में अभी भी इस सुविधा से लोग वंचित हैं अब देखना यह होगा कि इस सुविधा का लाभ कब तक और वार्डों में दिलाया जाएगा। पर यह पहल आमजन के हित में नगर पालिका द्वारा उठाया गया यह सराहनीय कदम है।

