Fri. Oct 23rd, 2026

December 2025

डीईओ मनीराम यादव ने किया एक और सहायक शिक्षक को निलंबित।

बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में युक्तियुक्तकरण 2025 के तहत जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने एक और सहायक शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निर्धारित पदस्थापना के बावजूद नवीन शाला में कार्यभार ग्रहण नहीं करने के कारण की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युक्तियुक्तकरण 2025 के अंतर्गत अतिशेष शिक्षकों के चिन्हांकन एवं पदस्थापना हेतु 04 जून 2025 को जिला स्तरीय ओपन काउंसलिंग आयोजित की गई थी। इस काउंसलिंग में शासकीय प्राथमिक शाला अमदरी में पदस्थ सहायक शिक्षक (एल.बी.) सुखदेव राम बेक उपस्थित हुए थे। काउंसलिंग के दौरान शाला चयन सहमति पत्र के आधार पर उनकी सहमति से पदस्थापना आदेश शासकीय प्राथमिक शाला औराझरिया, विकासखंड रामचंद्रपुर में जारी किया गया था।

हालांकि, सहमति पदस्थापना आदेश जारी होने के बावजूद सहायक शिक्षक सुखदेव राम बेक ने निर्धारित समयावधि के भीतर तथा आज दिनांक तक अपनी नवीन पदस्थापित शाला शासकीय प्राथमिक शाला औराझरिया में कार्यभार ग्रहण नहीं किया। उनके इस कृत्य के कारण विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के साथ-साथ शाला संचालन में भी गंभीर व्यवधान उत्पन्न हुआ है।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, सुखदेव राम बेक द्वारा अपने शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता एवं गंभीर लापरवाही बरती गई है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-03 के विपरीत है और इसे गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है।उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं शासकीय कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1)(क) के तहत जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सहायक शिक्षक (एल.बी.) सुखदेव राम बेक को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कुसमी नियत किया गया है तथा इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।

अवैध क्लिनिकों सहित झाड़ फूक करने वालों पर भी होगी सख्त कार्यवाही ।

बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की उपस्थिति में संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने तथा संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को प्रतिबंधित दवाओं, एक्सपायर दवाओं और संचालित क्लीनिकों के लाइसेंस की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध या अनुचित दवा का बिक्री न हो और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अवैध क्लिनिक पर सख्त कार्यवाही करने के साथ ही झोला छाप डॉक्टरों एवं झाड़ फूक करने वाले पर भी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधान पाठक पर सहायिका व महिलाओं से अश्लील हरकत का गंभीर आरोप,

बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला बैरडीह में पदस्थ प्रधान पाठक बीरबल यादव पर विद्यालय की सहायिका एवं ग्रामीण महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि प्रधान पाठक द्वारा लंबे समय से महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं अश्लील हरकतें की जा रही थीं, जिससे पीड़ित महिलाएं मानसिक रूप से प्रताड़ित थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की सहायिका ने बताया कि शिक्षक द्वारा बार-बार उन्हें परेशान किया जाता था। विरोध करने पर भी व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप यह भी है कि प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल आता था और महिलाओं के साथ अनुचित हरकतें करता था। महिलाओं का कहना है कि शिक्षक द्वारा गुप्त अंग दिखाने जैसी शर्मनाक हरकतें भी की गईं, जिससे उनका कार्यस्थल असुरक्षित हो गया। लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर सहायिका एवं अन्य महिलाओं ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों एवं पीड़ित महिलाओं द्वारा सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आरोपी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए शिक्षा विभाग से सख्त कदम उठाने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजरें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

मित्तल राइस मिल सील कस्टम मिलिंग आदेश का किया गया उल्लंघन।

धान उठाव के बाद चावल जमा नहीं करने पर मित्तल राइस मिल पर कार्रवाई

बलरामपुर खाद्य एवं राजस्व विभाग के संयुक्त टीम के द्वारा विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम कोटगगहना स्थित में. मित्तल राईस मिल की जांच की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर देवेंद्र प्रधान सहित टीम मौजूद रही। मौके पर जांच में मित्तल राईस मिल का मुख्म द्वार ताला बंद पाया गया। आस-पास में मिल से संबंधित किसी भी व्यक्ति को उपस्थित नहीं पाया गया। मिल के संचालक से दूरभाष से बात करने का प्रयास किया गया, किन्तु मिल संचालक द्वारा फोन रिसिव नहीं किया गया। जानकारी के अनुसार खाद्य अधिकारी ने बताया कि मिल द्वारा खरीदी वर्ष 2024-25 में 3320 क्विंटल धान का उठाव किया गया है, जिसकी अनुपातिक चावल 2246.64 क्विंटल होता है, मिल द्वारा आज दिनांक तक जमा चावल की मात्रा निरंक है। इस प्रकार से राईस मिल द्वारा कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन करने के कारण मिल को सील करने की कार्यवाही की गयी।

नगर पालिका द्वारा अलाव की व्यवस्था, बना ठंड में राहत का सहारा।

रामानुजगंज नगर में इन दिनों लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर पालिका द्वारा अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है। ठंड से राहत देने के उद्देश्य से नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल परिसर सहित विभिन्न वार्डों में लगभग 12 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। यह व्यवस्था न केवल नगरवासियों बल्कि राहगीरों, मजदूरों एवं बेसहारा पशुओं के लिए भी राहत का माध्यम बन रही है। नगर पालिका की इस पहल की नगर में सराहना की जा रही है। ठंड के मौसम में देर रात और तड़के सुबह काम पर निकलने वाले लोगों, रिक्शा चालकों, दुकानदारों एवं यात्रियों को अलाव से काफी सहूलियत मिल रही है। वहीं खुले में रहने वाले पशु भी अलाव के आसपास बैठकर ठंड से राहत पा रहे हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था जिला कलेक्टर बलरामपुर एवं एसडीओ रामानुजगंज के मार्गदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के सुझाव पर की गई है। उन्होंने बताया कि ठंड को देखते हुए नगर के संवेदनशील और अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और ईंधन की कमी न हो। कर्मचारियों को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुछ नगरवासियों ने नगर पालिका की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में अलाव की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक था जो सराहनीय है। लेकिन कई वार्डों में अभी भी इस सुविधा से लोग वंचित हैं अब देखना यह होगा कि इस सुविधा का लाभ कब तक और वार्डों में दिलाया जाएगा। पर यह पहल आमजन के हित में नगर पालिका द्वारा उठाया गया यह सराहनीय कदम है।

ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल का उद्घाटन सह सम्मान समारोह संपन्न।

रामानुजगंज में ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल के उद्घाटन अवसर पर एक भव्य उद्घाटन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ज्ञान यज्ञ परिवार के ओर से आयोजित किया गया, जिसमें नगर के पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ करना तथा नगर में सकारात्मक पत्रकारिता के लिए कार्यरत पत्रकारों एवं अतिथियों को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर पोर्टल का उद्घाटन किया और ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल के प्रयासों की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में समाचार पोर्टल समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता पर विशेष जोर दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने पत्रकारों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए मीडिया से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि समाचारों में सकारात्मकता, सामाजिक सरोकार और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता दी जानी चाहिए, ताकि आमजन को सही दिशा और जानकारी मिल सके। साथ ही उन्होंने ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल से उम्मीद जताई कि यह मंच सत्य और जिम्मेदार पत्रकारिता का उदाहरण बनेगा। कार्यक्रम का कुशल संचालन अजय गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया। समारोह के दौरान नगर के पत्रकारों एवं अतिथियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और ज्ञान तत्व दैनिक पोर्टल के सफल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।

लौह पुरुष अटल बिहारी वाजपेई जी के जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित।

रामानुजगंज में लौह पुरुष भारत रत्न, स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका रामानुज गंज द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल द्वारा अटल जी के भारत के प्रथम स्थापित प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें नमन किया । कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने अटल जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख रूप से भारतीय जनता पार्टी के नेता कन्हैया लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष सीला जायसवाल,पूर्व नगर अध्यक्ष आर के पटेल, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, मुकेश जायसवाल,सुभाष केसरी,अरुण केसरी, अश्विनी गुप्ता, शर्मिला गुप्ता, संजय गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही रामानुजगंज नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेई जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सरल व्यक्तित्व और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर प्रकाश डाला। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने भी अटल जी के आदर्शों को अपनाने की बात कही और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

धान खरीदी में लापरवाही पर एक्शन, दो पटवारी निलंबित।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप में रामानुजगंज और रामचन्द्रपुर तहसील में पदस्थ दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार तहसील रामानुजगंज में पदस्थ पटवारी विजय यादव पर धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज नियत किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।
इसी प्रकार तहसील रामचन्द्रपुर में पदस्थ पटवारी बंधन राम को भी धान खरीदी वर्ष 2025-26 में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज निर्धारित किया गया है। उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

रामानुजगंज में नवीन विद्युत उपसंभाग का सृजन।

बलरामपुर रामानुजगंज छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (छ.स्टे.पॉ.डि.क.लिमि.) द्वारा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपसंभागों का सृजन किया गया है।
जानकारी के अनुसार इसी क्रम में बलरामपुर विद्युत उपसंभाग को विभाजित कर नवीन उपसंभाग रामानुजगंज का सृजन किया गया है।नवीन उपसंभाग के गठन से विद्युत व्यवस्था में प्रशासनिक कसावट आएगी तथा उपभोक्ताओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण संभव हो सकेगा। साथ ही रामानुजगंज क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके श्रम एवं समय दोनों की बचत होगी। नवीन उपसंभाग के माध्यम से क्षेत्र में विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में मत्स्य पालन से खुशहाल हुए मुन्नालाल

बलरामपुर मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लागू योजनाओं से लाभ लेकर मछली पालन करने वाले किसान आर्थिक रूप से संपन्नता की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम हरिगंवा निवासी मुन्नालाल गोलदार ने मत्स्य पालन को अपनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
श्री मुन्नालाल गोलदार, जो पहले पारंपरिक खेती से सीमित आय अर्जित कर रहे थे, वे अब मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में शासन की योजनाओं का लाभ लेते हुए हरिगंवा जलाशय को पट्टे/लीज पर लेकर मत्स्य पालन व्यवसाय की शुरुआत की। उन्होंने सघन मत्स्य पालन तकनीक को अपनाते हुए रोहू, कतला, मृगल एवं कॉमन कार्प जैसी उन्नत प्रजातियों का पालन किया। उनके सतत प्रयासों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से आज उन्हें मत्स्य पालन से प्रतिवर्ष लगभग 2 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। इस व्यवसाय में उनके परिवार का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है, जिससे रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। श्री मुन्नालाल ने बताया कि स्थानीय बाजार में मछलियों की निरंतर मांग होने के कारण उनकी उपज आसानी से बिक जाती है और वे इस व्यवसाय से संतुष्ट एवं खुश हैं। उन्होंने  बताया कि भविष्य में वे अपने तालाब के समीप कुक्कुट शेड स्थापित कर आय के स्रोतों को और अधिक बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत हैं।