
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। खाद्य विभाग द्वारा सिलेंडरों की दैनिक आवक और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही गैस वितरकों को निर्देशित किया गया है कि 45 दिन की अवधि पूर्ण होने के बाद ही रिफिल वितरण किया जाए और यह प्रक्रिया केवल ऑनलाइन बुकिंग तथा ओटीपी आधारित प्रणाली से ही की जाए। इसी क्रम में खाद्य विभाग की टीम द्वारा विकासखंड बलरामपुर और रामानुजगंज के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बलरामपुर के लाजवाब होटल से 5 सिलेंडर, हवेली रेस्टोरेंट से 3 सिलेंडर, रामानुजगंज के न्यू शशि होटल से 2 सिलेंडर, उमेश होटल से 2 सिलेंडर तथा गोकुल स्वीट्स से 1 सिलेंडर घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए। इस पर कुल 13 सिलेंडर जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि अवैध भंडारण, जमाखोरी और काला बाजारी के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

