बलरामपुर। जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 बोरी डीएपी खाद जप्त की है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर देवेंद्र प्रधान के निर्देशन में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम नरसिंहपुर में की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया, जहां भारी मात्रा में डीएपी खाद का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान बसंत जायसवाल, छत्रपाल तथा कमलावती जायसवाल के मकानों में 100-100 बोरी डीएपी खाद सहित कुल 300 बोरी खाद भंडारित मिली। अधिकारियों द्वारा खाद से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पूछताछ में सभी ने बताया कि उक्त खाद ग्राम खुखरी निवासी खाद विक्रेता संदीप जायसवाल की है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे संदीप जायसवाल ने खाद अपना होना स्वीकार किया, लेकिन वे भी खाद भंडारण एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेजों के अभाव में संयुक्त टीम ने समस्त 300 बोरी डीएपी खाद को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजपुर नरेंद्र कंवर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आशीष सिंहा राजपुर सहित राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम उपस्थित रही।

