बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पिपरोल में किसानों के लिए बड़ी सौगात के रूप में काशीसोत व्यपवर्तन योजना के नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, जनपद अध्यक्ष बलरामपुर सुश्री सुमित्रा चेरवा, जनपद अध्यक्ष रामचंद्रपुर श्री मुंद्रिका सिंह, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर, जिला पंचायत सदस्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन अधिकारी एन पी डहरिया, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।
इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना के लिए शासन द्वारा 1314.53 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत मुख्य नहर का निर्माण एवं विस्तार 5920 मीटर तथा माइनर नहर का विस्तार 9910 मीटर लंबाई में किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को वर्षभर बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
योजना से खरीफ सीजन में 500 हेक्टेयर तथा रबी सीजन में 150 हेक्टेयर सहित कुल 650 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। इससे लगभग 150 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नहर विस्तार से पिपरोल एवं सेंदुर क्षेत्र के किसानों को वर्षभर खेती का अवसर मिलेगा। उन्होंने किसानों को धान के साथ दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती अपनाने, मिश्रित खेती को बढ़ावा देने तथा जैविक खाद के उपयोग से प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री ने कहा कि नहर परियोजना से केवल सिंचाई ही नहीं, बल्कि पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि नहर विस्तार कार्य से विशेष रूप से रबी फसलों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को इसका दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।
1314.53 लाख रुपये की लागत से होगा नहर विस्तार।

