Tue. Jun 2nd, 2026

स्वनिधि महोत्सव का आयोजन,पात्र हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत बलरामपुर जिले में स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैंप का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी नगरीय निकायों द्वारा इस विशेष अभियान का व्यापक क्रियान्वयन किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं, असंगठित श्रमिकों एवं शहरी गरीब परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। आगामी दिनों में विभिन्न नगरीय निकायों में स्वनिधि मेले आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों एवं पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। 1 जून से 30 जून तक चलने वाले अभियान के दौरान नए ऋण आवेदन, स्वीकृत लेकिन अप्रदत्त ऋण प्रकरणों का निराकरण, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई एवं क्यूआर कोड ऑनबोर्डिंग, पीएम स्वनिधि मोबाइल एप इंस्टॉलेशन तथा डिजिटल लेनदेन संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं के सहयोग से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित होंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। इस दौरान हितग्राहियों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, श्रमिक पंजीयन सहित अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा। वहीं स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को एफएसएसएआई के सहयोग से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
स्वनिधि महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पथ विक्रेताओं, महिला एवं दिव्यांग विक्रेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उनके बच्चों की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को भी विशेष रूप से सराहा और पुरस्कृत किया जाएगा। यह अभियान जिले के हजारों हितग्राहियों के जीवन स्तर एवं आजीविका में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related Post