बलरामपुर, रामानुजगंज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद-बीज, निर्माण कार्य तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार गुड गवर्नेंस की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सतत मॉनिटरिंग कर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण हेतु प्रत्येक श्रेणी के लिए विभागवार एल-1 से एल-4 तक अधिकारियों की मैपिंग की गई है। जिसमें शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को नियमित फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को मौसमी बीमारियों, सर्पदंश से बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दें। उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी एवं पंडो बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
गुड गवर्नेंस की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शुरुआत।

