बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने शासकीय स्कूलों में अनुशासनहीनता के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। विकासखंड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में पदस्थ दो प्रयोगशाला सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रयोगशाला सहायक विजय कुमार यादव तथा अवधेश प्रसाद यादव पर विद्यालय के प्राचार्य एवं एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार और मर्यादा के विपरीत आचरण करने का आरोप है। जांच प्रतिवेदन में यह उल्लेख किया गया कि दोनों कर्मचारियों के व्यवहार से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच अनुशासन एवं शासकीय सेवा की गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में विजय कुमार यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय वाड्रफनगर तथा अवधेश प्रसाद यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी की इस सख्त कार्रवाई को शिक्षा विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता, अमर्यादित व्यवहार अथवा शासकीय सेवा की गरिमा के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
बलरामपुर डीईओ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो प्रयोगशाला सहायकों को किया निलंबित।

