Sat. Jul 18th, 2026

निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त वर्षा प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता।

बलरामपुर, रामानुजगंज जिले में विकासखंड राजपुर के ग्राम मांकड़ और उफिया के बीच स्थित निर्माणाधीन पुल लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।
तहसीलदार श्रीमती कावेरी मुखर्जी, डॉ. फिरोज, संबंधित पटवारी सहित प्रशासनिक अमला ग्राम माकड़ पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर हालात की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी अनुसार गांव में पेयजल, राशन एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा माकड़ गांव से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से ग्राम के निकट अलखडीह एवं जिगड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध हैं, जहां आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सकती है।
साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त पुल के समीप जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Related Post