रामानुजगंज,तिरकुंडा। पारिवारिक विवाद ने सोमवार सुबह एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब एक शिक्षक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधानगर निवासी शिक्षक जयकरण सिंह सोमवार सुबह अपनी बाइक से विद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे एक रिश्तेदार ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर शिक्षक के चाचा का बेटा है। उसने शिक्षक की गर्दन पर वार किया, जिससे जयकरण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक जयकरण सिंह ग्राम कुम्हियापारा, धमनी के निवासी थे। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक एवं घरेलू विवाद कारण हो सकता है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त सजा दी जानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

