बलरामपुर/रामानुजगंज। जिले के कक्षा तीसरी से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। पी.एस.वाय. राष्ट्रीय उत्कृष्टता अवार्ड (प्रतिभा सम्मान योजना)-2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय चित्रकला, शोध एवं प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा उनकी शैक्षणिक एवं रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना है। जानकारी के अनुसार
योजना के तहत इच्छुक विद्यार्थी 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित पोर्टल https://www.psynationalexam.in/ पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध है, जबकि ऑफलाइन आवेदन संबंधित विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।
इस प्रतिभा सम्मान योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को तीन प्रकार की वार्षिक स्कॉलरशिप के लिए पात्र माना जाएगा। प्रथम चरण में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भोजन, आवास एवं यात्रा-भत्ता की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक योजना समन्वयक (पी.एस.वाय.) के मोबाइल नंबर 9584203094 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह योजना जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी से जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों को भी नई पहचान मिलेगी।

