Mon. Aug 3rd, 2026

छात्रावास निर्माण की मांग तेज,यूथ सर्कल व छात्रों ने सौंपा ज्ञापन।

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के ग्रामीण एवं सुदूर अंचलों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए रामानुजगंज आने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर छात्रावास निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी कड़ी में स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल (सरगुजा विभाग, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) के युवा कार्यकर्ताओं एवं शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सोमवार को प्राचार्य महोदया के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपकर महाविद्यालय परिसर में बालक एवं बालिका छात्रावास की स्थापना की मांग की ज्ञापन दीपक गिरी, अर्चित ठाकुर एवं उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जिले का प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान है, जहां प्रतिदिन वनांचल एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की हानि होती है।

ज्ञापन में विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधियों ने बताया कि परिवहन सुविधाएं सीमित होने के कारण कई छात्राओं को देर शाम तक आवागमन करना पड़ता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी छात्रावास के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को विवश हो जाते हैं।

युवा प्रतिनिधियों ने शासन से मांग की है कि महाविद्यालय में शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त बालक एवं बालिका छात्रावास का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिल सके।

स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल एवं छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के व्यापक हित, सुरक्षा एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल के सदस्य, महाविद्यालय के छात्र प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post