Sat. Aug 8th, 2026

रामानुजगंज क्षेत्र में बड़ा हादसा, करंट की चपेट में पशु की मौत, इसका जिम्मेदार कौन?

रामानुजगंज। नगर पालिका क्षेत्र में भारत माता चौक के समीप एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब खुले बिजली करंट की चपेट में आने से एक पशु की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उसी समय कोई राहगीर, बच्चा या बुजुर्ग वहां से गुजर रहा होता, तो एक बड़ा मानवीय हादसा भी हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली विभाग और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली संबंधी खामियों की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए। परिणामस्वरूप आज एक बेजुबान पशु को अपनी जान गंवानी पड़ी।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन है। साथ ही दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
क्षेत्रवासियों को कहना है कि नगर के सभी बिजली पोल, खुले तार और अन्य संभावित खतरनाक स्थानों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
फिलहाल घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Post