Tue. Sep 1st, 2026

हाथियों ने किसानों की कई एकड़ फसल बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

रामचंद्रपुर जनपद के कई गांवों में जारी है जंगली हाथियों का उत्पात, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी सलाह

रामचंद्रपुर। जनपद पंचायत रामचंद्रपुर क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों के झुंड द्वारा खेतों में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीण अपनी फसलों और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिनिया के लामीपारा क्षेत्र में चरवाहों ने शाम के समय एक जंगली हाथी के सावक के साथ पी-3450 क्षेत्र में विचरण करते हुए देखा। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के क्षेत्र में लगातार आने से खेतों में लगी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
हाथियों के विचरण को देखते हुए ग्रामीणों को जंगल और खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। वहीं वन विभाग की टीम भी हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीणों से रात के समय सावधानी बरतने तथा हाथियों के संभावित मार्ग से दूर रहने की सलाह दी है।
हाथियों के लगातार विचरण और फसल नुकसान को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ फसलों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Related Post