Mon. Sep 7th, 2026

जर्जर यात्री प्रतीक्षालय से हादसे का खतरा, शौचालय की हालत भी बदहाल

लरंग साय चौक के समीप वर्षों से क्षतिग्रस्त प्रतीक्षालय, यात्रियों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

रामानुजगंज। नगर के लरंग साय चौक के समीप वाड्रफनगर मार्ग पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों जर्जर और बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। प्रतीक्षालय की क्षतिग्रस्त संरचना के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां बैठकर बसों और अन्य यात्री वाहनों का इंतजार करते हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

प्रतीक्षालय की छत एवं अन्य हिस्सों की हालत बहुत खराब होने के कारण यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। बारिश और तेज हवा के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक इसकी मरम्मत या आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस पहल नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
शौचालय की स्थिति भी दयनीय
यात्री प्रतीक्षालय के समीप बने शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। साफ-सफाई के अभाव और उचित रखरखाव नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए इस परिसर की बदहाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि प्रतीक्षालय में रोजाना बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री पहुंचते हैं। यदि जर्जर हिस्से का कोई भाग अचानक गिरता है तो गंभीर जनहानि हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल निरीक्षण कर प्रतीक्षालय की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए और शौचालय की साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों का सवाल यह है कि यदि जर्जर प्रतीक्षालय के कारण कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? प्रशासन को समय रहते इस ओर ध्यान देकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

Related Post