रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक और अवसर सामने आया है। जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। यह भर्ती मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत घोषित पांच हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया का हिस्सा है।
जानकारी के अनुसार व्याख्याता के कुल 854 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें ई-संवर्ग के 424 पद तथा टी-संवर्ग के 430 पद शामिल हैं। विभिन्न विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय में 120-120 पद रखे गए हैं।
नवंबर में हो सकती है परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया के तहत परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 बताई गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा की अंतिम तिथि, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, पाठ्यक्रम एवं अन्य महत्वपूर्ण शर्तों के लिए विभाग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञापन और आगामी निर्देशों पर नजर रखने की आवश्यकता होगी।
व्याख्याता के इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच उम्मीदें जगी है। लंबे समय से शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है ।

