बलरामपुर रामानुजगंज जिले में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में फुटबॉल का रोमांच अपने चरम पर नजर आया। स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति एवं दीन-हीन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रामानुजगंज विधानसभा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कृषि मंत्री एवं प्रतियोगिता के संरक्षक रामविचार नेताम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समापन समारोह में पहुंचे अतिथियों ने मैदान में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने फाइनल मुकाबले का रोमांच उठाया और खिलाड़ियों का जमकर हौसला बढ़ाया।
120 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 120 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें बलरामपुर विकासखंड से 64 और रामचन्द्रपुर विकासखंड से 56 टीमें शामिल रहीं। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को क्षेत्र के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल कर दिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला डौरा सुपर किंग और बगरा-महावीरगंज के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में डौरा सुपर किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद एवं कप, जबकि उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये नगद एवं कप प्रदान किया गया। तीसरे स्थान पर रही बलरामपुर किंग्स को 15 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही बलरामपुर बवंडर को 11 हजार रुपये नगद और कप प्रदान किया गया।
महिला खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में महिला वर्ग को भी शामिल किया गया, जिसमें चार टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला धनवार मिशन और तेतरडीह के बीच हुआ। विजेता टीम को 25 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
खेल मैदान के विकास के लिए 3 करोड़ की घोषणा
समापन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए बलरामपुर को 6 करोड़ और रामानुजगंज को 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम तथा सनावल और डिण्डो में क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति से जिले की खेल अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
फुटबॉल इस अंचल की धड़कन—रामविचार नेताम
कृषि मंत्री एवं प्रतियोगिता के संरक्षक रामविचार नेताम ने स्व. सूर्यप्रकाश नेताम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित होने वाला यह फुटबॉल आयोजन अब क्षेत्र की खेल परंपरा का हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि फुटबॉल इस अंचल की धड़कन है। 120 टीमों की भागीदारी और महिला खिलाड़ियों के उत्साह से स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति युवाओं का जुनून लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
भव्य समापन समारोह में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी, वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर का खेल मैदान फुटबॉल प्रेमियों और दर्शकों से खचाखच भरा रहा। 120 टीमों की भागीदारी, महिला खिलाड़ियों की मौजूदगी और समापन समारोह में हुई विकास घोषणाओं ने इस प्रतियोगिता को क्षेत्र के लिए यादगार बना दिया।

