रामानुजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और धीमी गति से काम किए जाने को लेकर शुक्रवार को नगरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंत्री रामविचार नेताम और कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने से नाराज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। कलेक्टर से नगर पालिका अध्यक्ष की बातचीत के बाद करीब आधे घंटे में चक्काजाम समाप्त किया गया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान नगरवासियों ने सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा प्रतिदिन हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क के एलाइनमेंट को दुरुस्त नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार नहीं किया जा रहा है, वहीं बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम भी लापरवाही के साथ किया जा रहा है। इन समस्याओं के कारण सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और आम लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों ने नाली निर्माण कार्य में भी लापरवाही बरते जाने की बात कही। उनका कहना है कि नाली निर्माण के दौरान पानी का उचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। वहीं, नाली का स्तर ऊंचा हो जाने के कारण कई स्थानों पर लोगों के घरों और अन्य रास्तों से आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही है।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, नाली निर्माण के बाद जहां नाली के किनारे मिट्टी भरकर रास्ते को सुचारु रखना जरूरी है, वहां भी अपेक्षित काम नहीं किया जा रहा है। इससे स्थानीय निवासियों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बीडी लाल गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री अश्वनी गुप्ता, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद सिद्धांत यादव, अजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं क्षेत्रवासी चक्काजाम में शामिल रहे।

