Thu. Nov 5th, 2026

दिनदहाड़े बैंक में करोड़ों की डकैती, स्टाफ और ग्राहकों को बनाया बंधक

दिनदहाड़े बैंक डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात और लाखों रुपये नकद लूट लिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 से 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजकर 44 मिनट पर पांच हथियारबंद अपराधी बाइक से बैंक पहुंचे और अचानक अंदर दाखिल हो गए। इनमें से दो अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि अन्य ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया। इस दौरान एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तानकर उन्हें डराया और बाकी अपराधियों ने बैंक में लूटपाट शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी बैंक के लॉकर से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात तथा 10 से 12 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की टीम बैंक पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान करने, उनके भागने के रास्तों का पता लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस यूको बैंक में करोड़ों की डकैती हुई, वह थाना परिसर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लूटी गई संपत्ति का वास्तविक मूल्य और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

Related Post