Tue. Nov 17th, 2026

ऑनलाइन उपस्थिति में लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी की बड़ी कार्रवाई,

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले शिक्षा विभाग के कर्मचारियों पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एन.के. निरापुरे ने अनुशासनहीनता और ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिले के विभिन्न विकासखंडों में पदस्थ 29 कर्मचारियों की आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया है। वहीं, ऑनलाइन उपस्थिति की प्रभावी मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने वाले संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का नवंबर 2026 का वेतन भी आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।
इस कार्रवाई की जद में प्रभारी प्राचार्य, प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक, सहायक ग्रेड-3 एवं भृत्य संवर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। विभागीय कार्रवाई के अनुसार सबसे अधिक छह-छह कर्मचारी कुसमी और वाड्रफनगर विकासखंड से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा शंकरगढ़ और राजपुर के पांच-पांच, बलरामपुर के चार तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई यह अनुशासनात्मक कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के तहत की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के अनुपालन में लापरवाही को अब सामान्य चूक मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई की खास बात यह है कि विभाग ने केवल स्कूलों में पदस्थ कर्मचारियों को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया, बल्कि व्यवस्था की निगरानी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की है। ऑनलाइन उपस्थिति की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित नहीं करने वाले संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों का नवंबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा में अनुशासन, समयबद्धता और जवाबदेही सर्वोपरि है। वीएसके ऐप के माध्यम से संचालित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा करें और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
वीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग की इस सख्ती के बाद जिले के शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों में सतर्कता बढ़ना तय माना जा रहा है। अब प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के साथ-साथ उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी अनिवार्य होगी। विभाग के इस कदम से साफ संकेत मिल रहा है कि डिजिटल व्यवस्था के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

Related Post