बलरामपुर जिले के छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर थाना बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि धनवार आर.टी.ओ. बैरियर के पास एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा है, जिसमें अवैध सामग्री लोड हो सकती है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की जांच की। जांच के दौरान ट्रक के भीतर कुल 90 बोरियों में भरा हुआ मादक पदार्थ डोडा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 14 क्विंटल 44 किलोग्राम है। यह भारी मात्रा में मादक पदार्थ बसंतपुर पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में तौला गया और विधिवत रूप से जप्त कर लिया गया। बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई के बाद थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 107/2025 धारा 15(सी), 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है, और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
थाना बसंतपुर पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं।
