Sat. Mar 7th, 2026

राष्ट्रीय राजमार्ग NH 343 की जर्जर स्थिति को लेकर जनता त्रस्त, सरकार मस्त

राष्ट्रीय राजमार्ग NH 343 की अत्यंत खराब हालत को लेकर जनता का आक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज रामानुजगंज में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सड़क की दुर्दशा के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप बीच सड़क पर धान के पौधे रोपकर अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत की जाए, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।

विकास दुबे ने कहा कि यह सड़क रामानुजगंज से लेकर बलरामपुर तक जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री महोदय को अब बलरामपुर जिले से मोहभंग हो गया है जो बेहाल सड़क परेशान जनता की आवाज सुनाई नहीं दे रही है। विगत माह उन्होंने सड़क मरम्मत को लेकर जो देने वाली राशि की घोषणाएं की थी, वह अब तक फाइलों में ही दबी पड़ी हैं या फिर वह केवल जनता को बहलाने का एक साधन मात्र थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन प्रदर्शन, ज्ञापन और आंदोलन होने के बावजूद सरकार और प्रशासन दोनों ही पूरी तरह से मौन हैं। दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। लोगों को अब यह कहना है कि सरकार को जगाने के लिए सड़क हादसों में और कितनी जानें गंवानी पड़ेंगी?

दुबे ने कहा कि आज की प्रतीकात्मक कार्रवाई केवल एक शुरुआत है, यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो किसान कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह शर्मनाक है कि आम जनता को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

इस प्रदर्शन में सुनील कन्हरे, कार्तिक माझी, ज्वाला गुप्ता, संजय रवानी, नरेंद्र सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

Related Post