Sat. Mar 7th, 2026

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन। मुख्यअतिथि रहे कैबिनेट मंत्री।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में दीन हीन सेवा समिति एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग बलरामपुर के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम महादेवपुर में विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्र के लिए स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर एवं जनजागरूकता स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री आदरणीय रामविचार नेताम जी रहे। उन्होंने समिति के समाजसेवी प्रयासों की सराहना करते हुए उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता अपनाने, बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा यह चिकित्सा शिविर ग्रामीण अंचलों के लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ रही है और लोग शिक्षित होकर अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख पा रहे हैं। दीन हीन सेवा समिति की संचालक श्रीमती मनीषा सिंह लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेवा कार्य कर रही हैं। वे विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला उत्थान, नशा मुक्ति एवं सामाजिक प्रकल्पों को लेकर सक्रिय योगदान दे रही हैं। उनके प्रयासों से पूर्व में भी बलरामपुर में आयोजित शिविरों से हजारों लोग लाभान्वित हुए हैं तथा अनेक गंभीर रोगियों का सफल उपचार संभव हुआ है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. बसंत सिंह, सीईओ जनपद श्री रणवीर साय, डीपीएम एनएचएम सुश्री स्मृति एक्का, बीएमओ डा. महेश गुप्ता, बीपीएम श्री गुलाब डहरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीपीएम श्री कुश गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित चिकित्सकों व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सेवाएँ प्रदान कीं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, जिला पंचायत सभापति श्री मुंशीराम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता, जनपद सदस्य राजकुमार पुसाम, ग्राम पंचायत सरपंच हरिहर कृपाल कुशवाहा, पुष्पकांत यादव, जितेंद्र यादव, चेहरा पिंटू रहमान तथा समिति के सभी सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post