Fri. Oct 23rd, 2026

September 2025

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन। मुख्यअतिथि रहे कैबिनेट मंत्री।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में दीन हीन सेवा समिति एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग बलरामपुर के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम महादेवपुर में विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्र के लिए स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर एवं जनजागरूकता स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री आदरणीय रामविचार नेताम जी रहे। उन्होंने समिति के समाजसेवी प्रयासों की सराहना करते हुए उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता अपनाने, बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा यह चिकित्सा शिविर ग्रामीण अंचलों के लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ रही है और लोग शिक्षित होकर अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख पा रहे हैं। दीन हीन सेवा समिति की संचालक श्रीमती मनीषा सिंह लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेवा कार्य कर रही हैं। वे विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला उत्थान, नशा मुक्ति एवं सामाजिक प्रकल्पों को लेकर सक्रिय योगदान दे रही हैं। उनके प्रयासों से पूर्व में भी बलरामपुर में आयोजित शिविरों से हजारों लोग लाभान्वित हुए हैं तथा अनेक गंभीर रोगियों का सफल उपचार संभव हुआ है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. बसंत सिंह, सीईओ जनपद श्री रणवीर साय, डीपीएम एनएचएम सुश्री स्मृति एक्का, बीएमओ डा. महेश गुप्ता, बीपीएम श्री गुलाब डहरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीपीएम श्री कुश गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित चिकित्सकों व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सेवाएँ प्रदान कीं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, जिला पंचायत सभापति श्री मुंशीराम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता, जनपद सदस्य राजकुमार पुसाम, ग्राम पंचायत सरपंच हरिहर कृपाल कुशवाहा, पुष्पकांत यादव, जितेंद्र यादव, चेहरा पिंटू रहमान तथा समिति के सभी सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर प्रकाशन से भ्रष्ट तहसीलदार ने की हत्या कराने की साजिश।

जानकारी के अनुसार पूरा मामला छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से प्रकाशित होने न वाला सिंधु स्वाभिमान समाचार-पत्र के संपादक प्रशांत पांडे और उनकी टीम ने सूरजपुर जिले की लटोरी तहसील के तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा पर गंभीर आरोपों वाली खबरें प्रकाशित की थीं। आरोप था कि तहसीलदार ने बिना कलेक्टर की अनुमति और पटवारी की रिपोर्ट के फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री की। इस पर एसडीएम शिवानी जायसवाल ने तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। मामला अभी भी जांचाधीन है।
वहीं, सिरसी ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना और नामांतरण से जुड़े भ्रष्टाचार की खबरें भी अखबार में छपीं। इन खुलासों के बाद प्रशासन ने रोजगार सहायक नईम अंसारी को बर्खास्त किया, जबकि कई अन्य मामलों की जांच लंबित है। इन दोनों खबरों से प्रभावित स्थानीय दलाल और अधिकारी गुट कथित तौर पर नाराज हो गए और हत्या की साजिश तक रच डाली।


ग्राम हरिपुर में आयोजित एक पंचायत में आरोपी संजय गुप्ता ने कथित रूप से स्वीकार किया कि संपादक को हटाने के लिए सुपारी दी गई थी। उसने पंचायत के सामने माफी भी मांगी, जबकि हरिओम गुप्ता ने आरोप स्वीकारने से इनकार किया और विवाद को पंचायत से बाहर सुलझाने की बात कही। जहां सिंधु स्वाभिमान समाचार-पत्र के संपादक प्रशांत पांडे ने सबूतों के साथ आईजी सरगुजा रेंज को आवेदन सौंपकर पुलिस सुरक्षा और आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। जिस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करने की बात कही है।

शिक्षा विभाग में भूकंप: कई खुश, कई बेहाल – क्या बस्तर जाने से बच पाएंगे सदानंद कुशवाहा।

जिले के शिक्षा विभाग में तबादलों की बड़ी लहर आई है, जिससे विभाग में हलचल मच गई है। जिले के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है। रामचंद्रपुर प्रखंड के प्रभारी शिक्षा अधिकारी को अब बस्तर जिले का प्रभार सौंपा गया है। इस बदलाव को लेकर विभाग के भीतर मिला-जुला माहौल देखने को मिल रहा है। कुछ लोग इस बदलाव से खुश नजर आ रहे हैं तो कुछ मायूस।

सबसे अधिक चर्चा का विषय बने हुए हैं सदानंद कुशवाहा, जिनका नाम लंबे समय से शिक्षा विभाग में एक ‘स्थायी चेहरा’ बन चुका है। त्रस्त कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कुशवाहा “सेटिंग” करने में माहिर हैं, जिसकी वजह से वह वर्षों से एक ही स्थान पर टिके हुए थे। कई लोगों का मानना है कि वह फिर से उसी रणनीति का उपयोग कर सकते हैं और बस्तर स्थानांतरण से बच सकते हैं।
अब सवाल यह उठता है कि क्या शिक्षा मंत्रालय इस बार सख्त रुख अपनाएगा और उन्हें बस्तर भेजेगा या फिर वह एक बार फिर सेटिंग के जरिए उसी जगह पर बने रहेंगे?
देखना दिलचस्प होगा कि शिक्षा विभाग की यह ‘साफ-सफाई’ कितनी दूर तक जाती है और क्या इस बार वाकई में बदलाव जमीन पर नजर आता भी है।

कृषि मंत्री ने महोगनी पौधे का रोपण कर पर्यावरण जागरूकता का दिया संदेश।

बलरामपुर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आदिम जाति विकास, पशुपालन  एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम शामिल हुए। मंत्री श्री नेताम ने वनमंडलाधिकारी कार्यालय परिसर में अपनी माँ के नाम महोगनी का पौधा रोपित किया।

 

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंहदेव, कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, नगरपालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंत्री श्री नेताम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पेड़ मा के नाम अनूठा प्रयास है ।उन्होंने कहा कि सभी को कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम लगाना चाहिए और उसके संरक्षण  भी करनी चाहिए। वृक्षारोपण से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी साथ ही आने वाले पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने उपस्थित जनों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और स्थानीय समुदायों को इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

वाड्रफनगर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम अंतर्गत विशेष मेगा स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न।

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह शिविर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. मेश्राम (कान-नाक-गला विशेषज्ञ), डॉ. विवेक (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. शरद गुप्ता (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजया सिंह (दंत चिकित्सक), तोषण साहू (मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता) एवं स्टाफ नर्स रंजीता खलखो शामिल रहीं। शिविर में कुल 241 मरीजों (119 पुरुष एवं 122 महिलाएं) ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 30 कान-नाक-गला, 77 नेत्र, 14 शिशु रोग, 20 दंत, 16 मानसिक स्वास्थ्य तथा अन्य 84 मरीज शामिल थे।

इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. प्रेमचंद बैनर्जी, लैब टेक्नीशियन मो. एजाज अहमद, स्टाफ नर्स इसाबेला एवं ब्लड बैंक काउंसलर प्रफुल्ल टोप्पो की सक्रिय भूमिका रही। शिविर में स्थानीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 30 यूनिट रक्त (9 महिलाएं एवं 21 पुरुष) का संग्रहण किया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत दीक्षित ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य केवल शहरी नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। शिविर में विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र द्विवेदी, मंडल उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव, अमरजीत श्यामले, महिला मोर्चा मंडल महामंत्री अंजू कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के आयोजनों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

 

नैनो फर्टिलाइजर कृषकों के लिए अत्यंत लाभकारी रामचंद्र भगत।

बलरामपुर कृषि विभाग द्वारा बलरामपुर मुख्यालय अंतर्गत बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम में नैनो फर्टिलाइजर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों और समिति प्रबंधको को नैनो फर्टिलाइज़र की महत्ता, उपयोग विधि व सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विभाग के उप संचालक रामचन्द्र भगत ने बताया कि समय के साथ कृषि में नई-नई तकनीकें जुड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि अन्य उर्वरकों की तुलना में नैनो फर्टिलाइज़र अधिक प्रभावी और किफायती है। नैनो फर्टिलाइज़र फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ लागत कम करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक भविष्य की कृषि के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी तकनीक को अपनाने और किसानों को जागरूक करने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में जिला विपणन अधिकारी सुश्री प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, सहायक संचालक कृषि श्री एन.एस. भगत, डॉ परमानंद वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, श्री आर.एस. कुजूर, इफको श्री सुधीर सक्सेना सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से समाज को दिया संदेश।

बलरामपुर, छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वर्ष 2025 26 को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा पखवाड़ा भी मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जिले में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। प्रशासन के द्वारा विभिन्न विषयों पर जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।आयोजित रैली में ध्वनि नियंत्रण सड़क सुरक्षा स्वच्छता एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर बच्चों ने जागरूकता का संदेश दिया।रैली स्वामी आत्मानंद हिंदी मध्यम स्कूल से शुरू मुख्य मार्ग से चांदो चौक से होते हुए  शहीद चौक में समाप्त हुई। रैली में शासकीय महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, सेजेस हिंदी माध्यम, कन्या स्कूल बलरामपुर से लगभग 600 छात्र छात्राएं एवं स्कूली शिक्षक रैली में शामिल हुए।
रैली में महाविद्याय के प्रोफेसर श्री अगस्टिन कुजूर, सेजेस के प्राचार्य श्री चंद्रशेखर गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हरिशंकर सिंह, यातायात प्रभारी श्री विमलेश देवांगन, परियोजना अधिकारी साक्षरता, श्री अनिल तिवारी, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री सुनीलदीप परमार, बीआरसी श्री सुरेश सिंह सहित शिक्षक एवं पुलिस के जवान मौजूद रहे।

जीएसटी टीडीएस डिडक्टर्स के संबंध में कार्यशाला 24 सितम्बर को।

बलरामपुर ई-कोष के अंतर्गत जीएसटी से संबंधित देयकों को तैयार करने पर जीएसटी टीडीएस की राशि को डीडीओ के चालू खाते में अंतरण किया जाता है। इसके बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा चालू खाते से राशि का आहरण कर चालान के माध्यम से जीएसटी पोर्टल में जमा किया जाता है।

छत्तीसगढ़ वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 51 के अन्तर्गत समस्त पंजीयन शासकीय विभागों को वस्तु/सेवा के क्रय उपरान्त वेंडर्स को भुगतान के समय स्त्रोत पर कर की कटौती (जीएसटी टीडीएस डिडक्टर्स ) की जानी है। उक्त संबंध में 24 सितम्बर 2025 को दोपहर 02 बजे से संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कार्यशाला का आयोजित की गई है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वयं तथा कार्यालय में पदस्थ लेखापाल के साथ कार्यशाला में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

अतिथि शिक्षक हेतु आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर औद्योगिक प्रशिक्षण 3 संस्थान (अजजा) राजपुर के नोडल क्षेत्र कुसमी में विद्युतकार (अतिथि शिक्षक) के पद हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (अजजा) राजपुर में स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 25 सितंबर 2025 शाम 05ः00 बजे तक जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिले के वेबसाईट बलरामपुर डॉट जीओव्ही डॉट इन पर अवलोकन कर सकते हैं।

सेजेस विद्यालय के छात्रों ने बलरामपुर जिले का नाम किया रोशन।

सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन एससीईआरटी शंकर नगर, रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता में बलरामपुर रामानुजगंज जिले के स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह, बलरामपुर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरतीकला, वाड्रफनगर के कुल 20 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 15 स्कूलों के 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त जिले का नाम रोशन किया। प्रथम स्थान आने पर स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह को 35 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरतीकला को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किया गया। गौरतलब है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन व जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी. एन. मिश्रा के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता स्कूल स्तर, ब्लॉक स्तर व जिला स्तर पर आयोजित किया गया था।