बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में धान खरीदी की तारीखों के ऐलान के साथ ही बिचौलियों की सक्रियता बढ़ गई है। ये बिचौलिए किसानों से कम कीमत पर धान खरीदकर उसे अवैध रूप से विभिन्न जिलों और राज्यों से लाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन के खिलाफ सख्ती दिखाई है। राजपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम चांची बैरियर के पास मंडी एवं राजस्व विभाग और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो ट्रकों को पकड़ा। इन ट्रकों में कुल 1580 बोरी अवैध धान भरा हुआ था। जब्त किए गए धान की अनुमानित कीमत करीब ₹16.5 लाख बताई जा रही है। अधिकारियों ने मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है तथा संबंधित ड्राइवरों और मालिकों से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जिले में कई बिचौलिए किसानों से धान को औने-पौने दाम में खरीद कर अवैध रूप से धान खरीदी केंद्रों पर बेचने के फिराक में हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित करने और अवैध व्यापार को रोकने के लिए जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी नाकों, बैरियरों और परिवहन मार्गों पर जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम नियमित रूप से कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति या व्यापारी अवैध रूप से धान का परिवहन करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज केवल शासन द्वारा निर्धारित खरीदी केंद्रों पर ही बेचें ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके और किसी भी तरह की ठगी से बचा जा सके। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन धान की अवैध खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क और सख्त है, ताकि जिले में खरीदी व्यवस्था पारदर्शी और किसानों के हित में बनी रहे।

