बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप में रामानुजगंज और रामचन्द्रपुर तहसील में पदस्थ दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार तहसील रामानुजगंज में पदस्थ पटवारी विजय यादव पर धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज नियत किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।
इसी प्रकार तहसील रामचन्द्रपुर में पदस्थ पटवारी बंधन राम को भी धान खरीदी वर्ष 2025-26 में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज निर्धारित किया गया है। उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
धान खरीदी में लापरवाही पर एक्शन, दो पटवारी निलंबित।

