Sat. Mar 7th, 2026

प्रधान पाठक पर सहायिका व महिलाओं से अश्लील हरकत का गंभीर आरोप,

बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला बैरडीह में पदस्थ प्रधान पाठक बीरबल यादव पर विद्यालय की सहायिका एवं ग्रामीण महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि प्रधान पाठक द्वारा लंबे समय से महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं अश्लील हरकतें की जा रही थीं, जिससे पीड़ित महिलाएं मानसिक रूप से प्रताड़ित थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की सहायिका ने बताया कि शिक्षक द्वारा बार-बार उन्हें परेशान किया जाता था। विरोध करने पर भी व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप यह भी है कि प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल आता था और महिलाओं के साथ अनुचित हरकतें करता था। महिलाओं का कहना है कि शिक्षक द्वारा गुप्त अंग दिखाने जैसी शर्मनाक हरकतें भी की गईं, जिससे उनका कार्यस्थल असुरक्षित हो गया। लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर सहायिका एवं अन्य महिलाओं ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों एवं पीड़ित महिलाओं द्वारा सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आरोपी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए शिक्षा विभाग से सख्त कदम उठाने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजरें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Related Post